वाराणसी। कम से कम छह महीने और मंडुवाडीह बाजार के दुकानदारों और क्षेत्रीय लोगों की परेशानियां कम नहीं होंगी। बाजार में अतिक्रमण हटाने के बाद उखड़ी सड़क के बनने के आसार फिलहाल नहीं दिख रहे। लोक निर्माण विभाग के पास इसके लिए धन नहीं है। अधिशासी अभियंता के अनुसार विभाग अभी इसका इस्टीमेट तैयार कर रहा है। शासन से स्वीकृति और धन जारी होने के बाद ही मरममत का काम होगा।
जिला प्रशासन और विभागीय लापरवाही का खामियाजा स्थानीय लोग भुगत रहे हैं। सुगम यातायात के लिए लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में मंडुवाडीह बाजार से अतिक्रमण हटा दिया गया। सड़क खोद दी, अतिक्रमण ढहाने के बाद न तो मलबे को हटाया गया और न ही बीच सड़क पर बिजली के खंभों को वहां से शिफ्ट किया गया। नतीजा, वहां अब भी पहले की तरह सुबह-शाम जाम लग रहा है। मगर इसे कब बनाया जाएगा, जिम्मेदार इससे पल्ला झाड़ रहे हैं। लोक निर्माण विभाग फिलहाल बजट न होने की बात कह कर फिलहाल सड़क बनाने से पल्ला झाड़ रहा है।
एके सिंह एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी ने बताया कि रथयात्रा से भुल्लनपुर तक करीब पांच किमी सड़क बनाने का इस्टीमेट तैयार कराया जा रहा है। अगले वित्तीय वर्ष में धन जारी होने की उम्मीद है। इसे बनाने में कम से कम छह महीने का समय लगेगा।