वाराणसी। कांग्रेस ने नीरव मोदी प्रकरण पर भाजपा के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वह तो प्रधानमंत्री के सभी विदेशी दौरे में नीरव मोदी उनके साथ ही रहा करते थे। अब घोटाला उजागर हुआ तो भाजपा उसे भी यूपीए सरकार से जोड़ रही है। पूछा कि अगर नीरव मोदी संदिग्ध थे तो प्रधानमंत्री अधिकृत दल में किस हैसियत से शामिल रहे। शुक्रवार को इंग्लिशिया लाइन चौराहे पर स्थित पं. कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा स्थल से जनजागरण सत्याग्रह अभियान की शुरुआत करते हुए कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
जनजागरण सत्याग्रह अभियान की शुरूआत करते हुए पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्र ने कहा कि ‘न खाएंगे और न खाने देंगे’ की बात करने वाले पीएम देश के सबसे बड़े घोटालेबाज नीरव मोदी को दाओस सम्मेलन तक में साथ ले जाते हैं। पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि रामराज्य यात्रा निकाल रही भाजपा सबसे बड़े रामभक्त गांधी की हत्या का कभी खुलकर विरोध नहीं करती। वह बताए कि राष्ट्र में गांधी की कल्पना का रामराज्य चाहती है या गोडसे व सावरकर की कल्पना का। इस मौके पर कांग्रेसजनों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में सरकारी लूट, गंगा निर्मल-अविरल करने में नाकामी, शिक्षा संस्थाओं व सरकारी भवनों के दुरूपयोग, सड़क-सफाई-पेयजल जैसी मूल नागरिक सुविधा भी मुहैया न करा पाने का आरोप लगाया। इस दौरान अनिल श्रीवास्तव, प्रो.सतीश राय, सतीश चौबे, शालिनी यादव, बैजनाथ सिंह, विजय शंकर पांडेय, विजयशंकर मेहता, देवेंद्र सिंह, कर्नल चन्द्रदेव मिश्र, भूपेंद्र सिंह , गणेश शंकर पांडेय आदि ने अपने विचार रखें। अध्यक्षता प्रजानाथ शर्मा और संयोजन शैलेंद्र सिंह ने किया। संचालन राकेशचन्द ने किया।