वाराणसी। लंका थाना अंतर्गत रमना गांव में बुधवार की रात नशीला स्प्रे छिड़क कर चोरों ने चार घरों में चोरी की। गुरुवार की सुबह काफी देर बाद नींद से जागे भुक्तभोगियों ने सिर दर्द और घर से अजीब सी महक आने की शिकायत करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस महज मौका मुआयना तक ही सीमित रही।
रमना के रहने वाले अनिल पटेल ने बताया कि घर में सो रहे परिवार के सदस्यों के ऊपर चोरों ने नशीला स्प्रे छिड़क कर आलमारी से 15 हजार रुपया, 50 हजार से ज्यदा का जेवर और दो मोबाइल चुरा लिया। इसी तरह चंद कदम की दूरी पर रहने वाले दिवाकर प्रजापति के बंद मकान को निशाना बनाकर 16 हजार रुपये और दो लाख से ज्यादा कीमत के जेवर चुरा ले गए। दूधनाथ गौड़ के घर में घुसे चोर परिवार के सदस्यों के जागने के कारण भाग निकले। मोना विश्वकर्मा के घर में घुसे चोर पैंट के जेब में रखे 20 हजार रुपये चुरा ले गए।