पिंडरा। तहसील दिवस पर पिंडरा तहसील में मंगलवार को चौदहवीं बार ताड़ी के रामजियावन ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायकर्ता ने डीएम प्रांजल यादव से कहा कि बड़ागांव ब्लाक के गांग खुर्द में राशन के गोदाम प्रभारी निर्धारित मात्रा से कम राशन कोटेदारों को दे रहे हैं।
डीएम ने इसकी जांच आरएफसी को सौंपी। वहीं ताड़ी के अशोक कुमार ने दसवीं बार शिकायत की कि दो वर्ष से ग्रामसभा में सफाईकर्मी की तैनाती नहीं हुई है।
किसान दिवस पर अधिकारियों के समक्ष दल्लीपुर के विकास कुमार ने आरसीसी की सड़क पर अधूरे निर्माण की शिकायत की। वहीं पुत्रों से प्रताडि़त होने की शिकायत तेलारी निवासी राजाराम मौर्य ने दर्ज कराई। इसके लिए एसओ को निर्देश मिला कि समस्या का समाधान शीघ्र करें।
ओमप्रकाश ने पड़ोसी पर आरोप लगाया कि पत्नी और बेटे को भगा ले गया है। इस दौरान डीएम ने तहसील के अधिकारियों की उपस्थिति रजिस्टर को भी चेक किया। वहीं सदर और राजातालाब तहसील में भी फरियादियों की शिकायतें सुनी गई। डीएम ने लंबित प्रार्थना पत्रों का निस्तारण प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने पूर्व में लंबित पड़े मामलों का निस्तारण नहीं होने पर नाराजगी जताई। तहसील दिवस पर पिंडरा में 76, सदर में 68 और राजातालाब तहसील पर 96 सहित कुल 240 शिकायती पत्र आए। इनमें से सदर में 6 और राजातालाब पर 10 सहित 16 शिकायती पत्रों का निस्तारण हुआ।