बीएचयू ने 2026 का अंतर संकाय युवा महोत्सव स्पंदन कराने के लिए कुलपति, निदेशक समेत 101 प्रोफेसरों की कमेटियां और उप कमेटियां गठित की हैं। ये सदस्य 21 फरवरी से शुरू होने वाले पांच दिवसीय स्पंदन की तैयारियां करेंगे। सुरक्षा, आवागमन से लेकर कलाकार-छात्रों के दवा इलाज तक के लिए समितियां बना दी गईं हैं।
25 फरवरी को दोपहर दो बजे एंफीथियेटर ग्राउंड पर स्पंदन का ग्रैंड फिनाले और अवाॅर्ड वितरण कार्यक्रम होगा। पूरे कैंपस के नौ बड़े हॉल और एक स्टेडियम में अंतर संकाय युवा महोत्सव की प्रतियोगिताएं होंगी। कला, साहित्य, गायन, वादन, अभिनय, ललित कला से जुड़ी 30 से ज्यादा प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगी।
36 सदस्यों की सबसे बड़ी ऑर्गेनाइजिंग कमेटी बनाई गई है। इसमें कुलपति के अलावा आईआईटी बीएचयू के निदेशक भी होंगे। बाकी पांच बीएचयू के अन्य संस्थानों के निदेशक, 16 डीन, चार प्राचार्य, रजिस्ट्रार, वित्त अधिकारी, चीफ प्रॉक्टर, छात्र अधिष्ठाता, साउथ कैंपस के प्रोफेसर इंचार्ज आदि को सदस्य नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा 13 उप समितियां गठित की गईं हैं। इसमें स्पॉट परचेज कमेटी, पैंडल और सीटिंग अरेंजमेंट कमेटी, डायस मैनेजमेंट कमेटी, रिजल्ट घोषणा और प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन कमेटी, ज्यूरी एंड अपीलिंग कमेटी, कल्चरल प्रोसेसिंग एंड मैनेजमेंट कमेटी, वॉलंटियर एंड एंकर स्क्रीनिंग कमेटी, सिक्योरिटी एंड डिसिप्लीन कमेटी, मीडिया एंड पब्लिसिटी कमेटी, ट्रांसपोर्टेशन कमेटी, रजिस्ट्रेशन कमेटी, मेडिकल एंड फर्स्ट एड कमेटी और बैनर एंड सर्टिफिकेट कमेटी के नाम शामिल हैं।