वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आगामी सत्र से योग के डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स शुरू होंगे। स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान बंगलूरू और काशी विद्यापीठ के बीच हुए एमओयू के बाद योग पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। संस्थान की टीम कुलसचिव के नेतृत्व में चार अप्रैल को विश्वविद्यालय का भ्रमण करेगी और पाठ्यक्रम संचालन की योजना को मूर्तरूप दिया जाएगा। डिजिटल लर्निंग सेंटर के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में योग के डिप्लोमा पाठ्यक्रम जुलाई से शुरू होंगे। इसमें डिप्लोमा इन साइंस और डिप्लोमा इन योगा टीचर ट्रेनिंग पाठ्यक्रम को शामिल किया गया है। इसके अलावा योग के पीजी डिप्लोमा कोर्स के संचालन को शुरू करने की योजना है। स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान बंगलूरू की ओर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कक्षाओं का संचालन होगा। कुलपति प्रो. टीएन सिंह ने बताया कि कक्षाओं के संचालन के लिए चार लोगों की टीम बनाई गई है। इसमें दो काशी विद्यापीठ और दो स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के शिक्षक शामिल होंगे। डिजिटल लर्निंग के माध्यम से कक्षाओं का संचालन होगा।