वाराणसी। ककरमत्ता रेल ओवरब्रिज के नीचे बुधवार की रात डेढ़ बजे के बाद एक ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक पर माचिस लदे होने के कारण आग लगने के बाद एक-एक कर दर्जनों धमाके हुए। चालक ट्रक को सड़क किनारे पोखरी के पास किया तो वहां खड़ी एंबुलेंस भी आग की चपेट में आ गई। जिससे आग और भयावह हो गई। ट्रक पर धमाकों का सिलसिला जारी था।
आंध्र प्रदेश से ट्रक माचिस लाद कर सुल्तानपुर जा रहा था। वह जैसे ही ककरमत्ता पुल पर चढ़ने के हुआ आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार में शार्ट-सर्किट से निकली चिंगारी से आग लगी।
धमाके सुन कर भिखारीपुर तिराहे पर तैनात पुलिस ने भिखारीपुर-मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन मार्ग पर वाहनों और आमजन का आवागमन बंद करा दिया। इस बीच चालक ने बुद्धिमानी का परिचय देते हुए ट्रक को पोखरी के किनारे खड़ा कर दिया। आग लगने के 45 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष ने बताया कि आग लगने के कारण ट्रक और उस पर लादी गई माचिस के नुकसान होने की सूचना है। अब तक की जानकारी के अनुसार ट्रक ड्राइवर सुरक्षित है। आग लगने के कारण की पड़ताल कराई जाएगी।