वाराणसी। कचहरी परिसर स्थित परिवार न्यायालय में गुरुवार को मुकदमे की पैरवी करने आई विवाहिता और उसके अधिवक्ता चाचा सहित अन्य परिजनों को ससुराल वालों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घटना से गुस्साए अधिवक्ता कैंट थाने पहुंचे। घायलों का मेडिकल मुआयना कराने के बाद कैंट थाने में चार नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ मारपीट, बलवा, जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सिकरौल निवासी अधिवक्ता देव कुमार सिंह ने बताया कि उनकी भतीजी का विवाह छह माह पूर्व बड़ा लालपुर निवासी विष्णु दत्त सिंह के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही उनकी भतीजी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। इसे लेकर कुछ दिनों पूर्व शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। दर्ज मुकदमे की पैरवी के संबंध में गुरुवार को विवाहिता अपने बुजुर्ग पिता और चाचा देव कुमार सिंह के साथ परिवार न्यायालय गई थी। अधिवक्ता देव कुमार सिंह का आरोप है कि इसी दौरान उनकी भतीजी के पति विष्णु दत्त सिंह, ब्रह्मदेव सिंह, सर्वजीत सिंह, अनुपम सिंह और छह-सात अज्ञात लोग गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट देख साथी अधिवक्ता मौके की ओर दौड़े तो हमलावर भाग निकले। अधिवक्ता देव कुमार सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कैंट पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।