भदोही। कवि सम्मेलन और मुशायरे के साथ तीसरे दिन भदोही महोत्सव का समापन रविवार की रात भिखारीपुर मैदान में हो गया। अंतिम दिन विभिन्न क्षेत्रों में जनपद का गौरव बढ़ाने वाले एक दर्जन लोगों को भदोही रत्न के खिताब से नवाजा गया। सम्मानित करते हुए मुख्य अतिथि विंध्याचल मंडल के पुलिस महानिरीक्षक, विजय सिंह मीणा ने कहा कि भदोही महोत्सव इस जनपद की पहचान बनेगा। यहां के लोगों ने जो शुरुआत की है वह इस जनपद के सांस्कृतिक और सामाजिक विकास में अहम योगदान देगा।
श्यामधर मिश्र (राजनीति), कपिल देव द्विवेदी (कवि), शलभ उपाध्याय (सैनिक), मुरलीधर बिंद (मैराथन), आकाश कुमार गुप्ता (तीरंदाजी), इम्तियाज अहमद (क्रिकेट), विनय कुमार श्रीवास्तव (चिकित्सा) को भदोही रत्न का सम्मान के साथ स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। आज के कार्यक्त्रस्म में एक दर्जन कवियों और शायरों ने अपनी कविताओं और गजलों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जुटे हजारों श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच वाहवाही से नवाजा। शायर हाशिम फिरोजाबादी, शबा बलरामपुर, अनिल चौबे, विजेंद्र, कृष्णावतार राही, नितिन चौहान, सुरेंद्र दूबे मखदूम फूलपुरी, डा. शैलेश पाठक आदि ने जलवा बिखेरा।