पिंडरा। फूलपुर थाना अंतर्गत असवारी गांव में शनिवार की सुबह साइकिल सवार दो छात्रों को निजी बस ने कुचल दिया। हादसे में कक्षा तीन के छात्र सनी पटेल (11) की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त कक्षा दो का छात्र प्रियांक विश्वकर्मा (9) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बच्चे की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने बाबतपुर-जमालपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीण पीडि़त परिवार के लिए मुआवजा और चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। लगभग दो घंटे बाद 10:30 बजे के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और जाम खत्म हुआ।
फूलपुर थाना के जनकपट्टी गांव निवासी राजकुमार पटेल का बेटा सनी अपने पड़ोस के प्रियांक के साथ साइकिल से असवारी स्थित एक दुकान से कापी खरीदने जा रहा था। बताया जाता है कि इसी दौरान असवारी गांव में बाबतपुर की ओर से आ रही बस ने सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर बचाने के लिए साइकिल सवार दोनों बच्चों को कुचल दिया। हादसे में सनी की मौके पर ही मौत हो गई और प्रियांक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद थोड़ी दूर जाकर बस को खड़ा कर चालक भाग निकला जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। प्रियांक को गंभीर हाल में बनारस स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।