बाबतपुर। पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज में शनिवार को एयर इंडिया की लोडर भर्ती परीक्षा के साक्षात्कार में आए अभ्यर्थियों ने धांधली का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। विरोध के बीच उन्होंने एनएच-56 (वाराणसी-जौनपुर मार्ग) जाम कर दिया। तकरीबन आधे घंटे तक आवाजाही ठप रहने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अभ्यर्थी भर्ती में क्षेत्रवाद और जातिवाद का आरोप लगा रहे थे। उन्होंने एयर इंडिया और एयरपोर्ट के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एसडीएम पिंडरा डॉ. एनएन यादव ने किसी तरह उन्हें समझाकर जाम खुलवाया।
एयर इंडिया ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने स्थानीय सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर लोडर भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे। करीब दो हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। शनिवार को बाबतपुर स्थित पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज में अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। अभ्यर्थियों का आरोप है कि अधिकतर को रोक कर केवल 500 लोगों को साक्षात्कार के लिए प्रवेश दिया गया। पहले से एयरलाइंस में अस्थायी रूप से कार्यरत हेल्परों और स्थानीय लोगों के आवेदन निरस्त कर दिए गए। गाजीपुर और बलिया सहित दूरदराज के अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकृत किए गए। आवेदन अस्वीकृत होने से गुस्साए अभ्यर्थियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 56 पर जाम लगा दिया। इस बारे में स्थानीय स्टेशन प्रबंधक आतिफ इदरीस ने कहा कि एयर इंडिया से इसका कोई लेना-देना नहीं है। यह भर्ती एआईटीसीएल द्वारा की जा रही है। एआईटीसीएल द्वारा जितने लोगों को चयनित कर दिया जाएगा, उनको रखा जाएगा। वहीं, एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय ने कहा कि इस भर्ती से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। वहीं, एआईटीसीएल के स्थानीय प्रभारी प्रेमचंद कुजूर ने कहा कि जितने लोगों का आवेदन फार्म मिला था, उतने लोगों का साक्षात्कार लिया जा रहा है।