वाराणसी। नगर निगम पार्षद के चुनाव में आपराधिक और इसी तरह की पारिवारिक पृष्ठभूमि वाले चिह्नित 23 प्रत्याशियों में से 13 को मतदाताओें ने नकार दिया। शुक्रवार दोपहर बाद मतदान का परिणाम आते ही हारे हुए ये 13 चिह्नित प्रत्याशी समर्थकों के साथ पहड़िया मंडी से खिसक लिए।
नामांकन के बाद पुलिस ने 15 वार्डों में 23 प्रत्याशियों को चिह्नित किया था। इनमें आदमपुर थाना के ओंकालेश्वर और कामेश्वर महादेव वार्ड से दो-दो और प्रह्लाद घाट वार्ड से एक प्रत्याशी थे। कोतवाली थाना के राजमंदिर वार्ड से दो और कालभैरव व मध्यमेश्वर वार्ड से एक-एक प्रत्याशी थे। सिगरा थाना के सोनिया वार्ड से एक व लल्लापुरा खुर्द वार्ड से दो, चौक थाना के हड़हा वार्ड से दो, चेतगंज थाना के सरायगोवर्धन वार्ड से दो, लक्सा थाना के पानदरीबा वार्ड से दो, कैंट थाना के नदेसर व राजाबाजार वार्ड से एक-एक, सारनाथ थाना के दानियालपुर वार्ड से एक और भेलूपुर थाना के रेवड़ी तालाब वार्ड से एक प्रत्याशी को चिह्नित किया गया था। आदमपुर थाना क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले चिह्नित चार, सिगरा से दो, कैंट से दो, लक्सा से दो, चेतगंज से एक, कोतवाली से एक और भेलूपुर से एक प्रत्याशी हार गया।