पिंडरा। फूलपुर के थानारामपुर गांव में बन रहे फोरलेन सड़क निर्माण का विरोध कर रहे ग्रामीणों में से एक वृद्ध की हार्ट अटैक से मौत होने की सूचना पर पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। अस्पताल में उसकी हालत स्थिर होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
वाराणसी से सुल्तानपुर तक बन रहे फोरलेन सड़क के निर्माण के तहत बाईपास मार्ग कथौली से फूलपुर तक बनाई जा रही है। रामपुर ग्राम सभा के दो दर्जन से अधिक लोग मुआवजा को लेकर एक पखवारे से काम नहीं होने दे रहे थे। सोमवार को एसडीएम पिंडरा डॉ. एन एन यादव व सीओ सुरेन्द्र नाथ मौके पर पहुंचे और समझाकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। इसी बीच ग्रामीण हरि राम (70) को हार्टअटैक आ गया। परिजन उसे निजी चिकित्सक के यहां ले गए। जहां उसकी हालत स्थिर बताई जाती है। वहीं मौत की सूचना पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। एसडीएम व सीओ ने समझा लोगों को शांत कराया। इसके बाद एसपीआर मार्तंड प्रताप सिंह समेत अनेक थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। एसडीएम पिंडरा डॉ. एन एन यादव ने बताया कि किसान के बेहोश होने पर मौत की अफवाह फैला दी गई। अफवाह फैलाने वाले को चिह्नित किया जा रहा है।
इनसेट-------------
किसानों का नाम गलत ढंग से खतौनी पर चढ़ गया है। इसके बावजूद उनकी क्षतिग्रस्त फसल के बदले 19 लोगों को नगद 80 हजार रुपये भुगतान किया गया। प्रभावित तीन दर्जन लोगों को भूमि आवंटन के साथ आवास भी की स्वीकृति दी गई है। विरोध कुछ लोगों के चलते हो रहा है।
डॉ. एन एन यादव, एसडीएम पिंडरा