वाराणसी। ‘काशी आने पर हमेशा आनंद की अनुभूति होती है...।’ सोमवार को नरउर स्थित प्राथमिक स्कूल के बच्चों, काशी विद्यापीठ के छात्रों और कूड़ा बीनने वाले बच्चों से मुलाकात के बाद रात 8:15 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह ट्वीट किया। आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की दो फोटो के साथ प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया ‘मैं आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की टीम को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने आज शाम मेरा स्वागत किया...। वो सभी केंद्र सरकार द्वारा उनके कल्याण के लिए हाल में लिए गए निर्णयों से बेहद खुश दिखीं...।’
प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन सोमवार को होने के कारण वो सुबह से ही ट्विटर के टॉप ट्रेंड्स में शामिल रहे। प्रधानमंत्री के जन्मदिन और काशी दौरे को लेकर उत्साहित प्रशंसक भी सुबह से ही उनकी तस्वीर के साथ शुभकामना संदेश सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर पोस्ट करते रहे। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजापाठ के बाद रात 11:30 बजे खुद की दो फोटो के साथ पीएम मोदी ने ट्वीट किया ‘हर-हर महादेव...। आज काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा किया...। बहुत धन्य महसूस कर रहा हूं...।’
उधर, इससे पहले दोपहर 4:35 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भगवान काशी विश्वनाथ की नगरी वाराणसी में प्रदेश वासियों की ओर से हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐतिहासिक होने के साथ-साथ विकास को नई ऊंचाई देगा।’ रात 10:47 बजे सीएम ने ट्वीट किया ‘प्रधानमंत्री आज स्कूली बच्चों से संवाद कार्यक्रम के तहत नरउर गांव के प्राथमिक विद्यालय जाकर जीवन में सफलता के मंत्र दिए। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे सवाल पूछने में कभी न घबराएं। सवाल पूछना सीखने के लिए बहुत जरूरी है।’ 10:54 बजे सीएम ने ट्वीट किया ‘प्रधानमंत्री ने बच्चों से विभिन्न विषयों पर बात की और उन्हें कहा कि खेल भी बहुत जरूरी है। जिंदगी में विभिन्न क्षमताओं को आत्मसात करना महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे हमेशा काम आती हैं।’