वाराणसी। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच रविवार को नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में वाराणसी नगर निगम समेत रामनगर पालिका और गंगापुर नगर पंचायत के लिए वोट डाले गए। सुबह साढ़े सात बजे से दिन के 11 बजे तक ज्यादातर इलाकों में उत्साह नहीं दिखा, लेकिन दोपहर बाद वोटर निकलने लगे। शाम पांच बजे तक कई मतदान केंद्रों पर लाइन लगी रही। नगर निकाय में कुल 59.06 प्रतिशत मतदान हुआ। नगर निगम में 43.90 प्रतिशत, गंगापुर नगर पंचायत में 78.56 प्रतिशत और रामनगर पालिका में 54.73 प्रतिशत मतदान हुआ। शहर की तीनों पंचायतों के मतदान प्रतिशत में इस बार बढ़ोतरी हुई है। एक दिसंबर को पहड़िया मंडी में मतगणना के बाद नतीजे घोषित होंगे।
वाराणसी नगर निगम में वर्ष 2012 के पिछले चुनाव में महज 33 प्रतिशत मतदान हुआ था। जबकि यहां इस बार करीब 10 प्रतिशत ज्यादा वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा 78.56 प्रतिशत मतदान गंगापुर में हुआ। निकाय चुनाव में कुल 801 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम और मतपेटिकाओं में बंद हो गई है।
नगर निगम के 90 वार्ड, रामनगर पालिका के 25 वार्ड और गंगापुर नगर पंचायत के दस वार्डों के लिए रविवार को मतदान हुआ। नगर निगम में 274 केंद्र, 910 बूथ, रामनगर पालिक परिषद में 11 केंद्र, 55 बूथ एवं गंगापुर नगर पंचायत के लिए 6 केंद्र एवं 10 बूथों पर सुबह 7:30 बजे से मतदान शुरू हुआ। सुबह नौ बजे तक मात्र आठ प्रतिशत ही वोटिंग हुई थी। दोपहर में कुछ स्थानों पर भीड़ कम हो गई थी लेकिन तीन बजे के बाद मतदान केंद्रों पर वोटरों की संख्या बढ़ने लगी और कुछ केंद्रों पर शाम साढ़े पांच बजे तक लाइन लगी रही। करीब 12 बूथों पर ईवीएम खराब होने की शिकायतें मिली जिससे मतदान प्रभावित रहा। आधे घंटे बाद यहां ईवीएम बदले गए। तकरीबन हर मतदान केंद्र पर मतदाता सूची में नाम शामिल न होने की शिकायत रही। भाजपा एमएलसी चेतनारायण सिंह ने डीएम योगेश्वर राम मिश्र को फोन कर मतदाता सूची में नाम न होने की शिकायत मिली।