भदोही जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। अब कोरोना वायरस पाली क्षेत्र के चकवेदवा गांव में भी पहुंच गया है। गांव में एक मां और दो बेटों समेत सात और जिले में कुल 12 लोग सोमवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1207 हो गई है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 182 है।
वैश्विक महामारी कोरोना की रोकथाम को लेकर भले ही तमाम सख्ती और प्रयास किए जा रहा हैं लेकिन धरातल पर स्थिति नहीं बदल रही। अप्रैल, मई और जून में जहां संक्रमितों की संख्या 500 के करीब रही। वहीं जुलाई और अगस्त में ही संख्या 1200 के करीब पहुंच गई। संक्रमितों की तेजी से बढ़ती संख्या से प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता को बढ़ा दी है।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में 12 पॉजिटिव मरीज मिले। पाली के चकदेवा गांव में मां- दो बेटों समेत सात की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गोपीगंज में एक युवक, जमुनीपुर में एक व्यक्ति, लक्षवापुर में युवक, भदोही के खन्नापुर में युवक और भदोही के सिविल लाइन में महिला संक्रमित मिली।
जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि संक्रमितों को जरूरत के मुताबिक अस्पताल या होम आइसोलेशन में रखा जा रहा है। चकदेवा गांव में टीम भेजकर स्वैब लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि संक्रमितों में एक हजार से अधिक स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अब भी करीब 182 एक्टिव मरीज हैं।