मुंबई जाने के लिए गोपीगंज के गेराईं स्थित पंप पर सीएनजी गैस भरवाते ऑटो चालक।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के कारण लगे लॉकडाउन में गैर प्रदेशों से आकर आर्थिक तंगी का सामना कर रहे प्रवासी अब वापस काम पर जाने लगे हैं। अब धीरे-धीरे लग्जरी बसों, ऑटोरिक्शा, ट्रेन, ट्रकों से जाना शुरू हो गया है। राजमार्ग के किनारे दर्जन भर से अधिक पेट्रोल टंकियों पर पेट्रोल-डीजल के साथ सीएनजी गैस के लिए वाहनों की लंबी लाइनें लग रही है।
बताते हैं कि लॉकडाउन के चलते दिल्ली, मुंबई, नोएडा, सूरत, कोल्हापुर, गाजियाबाद जैसे महानगरों से आकर भदोही, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, बिहार, छत्तीसगढ़, वाराणसी, चंदौली आदि जनपदों में आए प्रवासियों को गुजरात, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के कंपनी, फैक्टरी, मिल संचालक मजदूरों और उनके परिवारों को बुलाने के लिए बसों का स्वयं इंतजार कर रहे हैं। जबकि स्थानीय बस स्वामी विशेष दरों पर प्रवासियों को उनके रोजगार स्थलों पर पहुंचाने के लिए सुविधा दे रहे हैं। मजदूर अधिक किराया देकर निजी वाहनों से जाने में देरी नहीं कर रहे हैं। सबसे अहम बात यह कि महाराष्ट्र महानगर से हजारों आटोरिक्शा, टैक्सी आदि वाहन जाते समय पेट्रो पदार्थों की अपेक्षा सीएनजी गैस के लिए गिराई स्थित पंप पर लाइन लगा रहे हैं। चार दिन पूर्व गोपीगंज के गिराई स्थित भाग्यवती फिलिंग स्टेशन संचालक रतन लाल अग्रहरि ने बताया कि चार दिनों में 5000 केजी सीएनजी गैस प्रवासियों को लेकर जा रहे वाहनों में भरवा चुके हैं।