वाराणसी। लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए प्रचार समिति ने ग्रामीण क्षेत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और शहरी क्षेत्र में महासचिव प्रियंका गांधी के रोड शो का खाका बनाया है। साथ ही बड़े नेताओं की नुक्कड़ सभाओं के लिए स्थान निर्धारित कर शुक्रवार को पीसीसी को अवगत करा दिया है।
प्रचार समिति के प्रभारी अनिल श्रीवास्तव अन्नू के मुताबिक लोकसभा क्षेत्र में छोटी व नुक्कड़ सभाओं पर अधिक जोर दिया गया। इसके लिए 67 स्थानों का चयन किया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजे गए प्रस्ताव में दो रोड शो प्रस्तावित किए गए हैं। एक रोड शो लंका स्थित मालवीय प्रतिमा से गोदौलिया, चौक, मैदागिन, विशेश्वरगंज, गोलगड्डा, चौकाघाट, नदेसर होते हुए कचहरी तक होगा। दूसरा रोड शो चांदपुर चौराहा से लोहता, जंसा से कपसेठी तक प्रस्तावित है।
इस बारे में हुई बैठक में डॉ. जितेंद्र सेठ, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीरा तिवारी, पूर्व पार्षद अनिसुर्रहमान अंसारी, पूनम कुंडू, अरुण सोनी, रियाज अहमद आदि मौजूद रहे।
समिति ने स्टार प्रचारकों की सूची भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी है। इसमें गुलाम नबी आजाद, मुकुल वासनिक, पीएल पुनिया, राज बब्बर, भूपेश बघेल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट, सुष्मिता देव, डॉ. संजय सिंह, प्रमोद तिवारी, नवजोत सिद्धू, संजय निरूपम, हार्दिक पटेल, रजनी पाटिल, शर्मिष्ठा मुखर्जी, रेणुका चौधरी, तारिक अनवर, श्रीप्रकाश जायसवाल, निर्मल खत्री, अनु टंडन, राशिद अल्वी, जितिन प्रसाद प्रमुख हैं। वहीं, मीडिया सेंटर के लिए रणदीप सिंह सुरजेवाला, पवन खेड़ा, रागिनी नायक और राजीव त्यागी की मांग की गई है।