बड़ागांव। कछवां से बाबतपुर की तरफ जा रहा केरोसिन से भरा टैंकर बसनी रामपुर के पास पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसके ऊपर लगे ढक्कन से केरोसिन गिरने लगा और सड़क पर फैल गया। पीछे से आ रही इंडिका कार टैंकर में टकराई और कार का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि उस समय टैंकर की चपेट में कोई वाहन नहीं आया वरना बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता था। एहतियातन आसपास के लोगों ने आवागमन रोक दिया गया जिससे बाबतपुर कपसेठी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
रविवार की देर रात कछवां से बाबतपुर की तरफ जा रहा केरोसिन से भरा टैंकर क मानी टूटने के कारण बसनी रामपुर के पास पलट गया। सड़क पर केरोसिन तेल फैल गया। हादसे की सूचना पाकर आधे घंटे बाद पहुंची बड़ागांव पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया। गिर रहे तेल को किसी तरह रोका गया। टैंकर में लगभग 16 किलोलीटर केरोसिन था। इस हादसे में चालक और खलासी बाल बाल बच गए। वहीं इंडिका में सवार लोगों को हल्की चोट आई है। घायलों का इलाज नजदीक के अस्पताल में किया जा रहा है। इस दौरान बाबतपुर कपसेठी मार्ग आधे घंटे तक ठप रहा।