भदोही। बकाया वसूली तथा विद्युत चोरी रोकने को चलाए जा रहे अभियान में मंगलवार को विद्युत अधिकारियों ने आधा दर्जन मोहल्लों में छापेमारी की। इस दौरान 37 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए और 6.50 लाख रुपयों की वसूली भी की गई। अभियान के दौरान विद्युत चोरी करते पकड़े गए आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी गई।
वसूली और विद्युत चोरी पर विभाग सख्त हो गया है। विभाग का सीधा मानना है कि या बकाया जमा करें अथवा बिजली का उपयोग बंद करें। इतना ही नहीं बिजली काटने के बाद भी यदि बिजली उपयोग करते मिले तो उसे चोरी मानी जाएगी और मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। मंगलवार टाऊन एसडीओ गोविंद प्रसाद के नेतृत्व में सघन अभियान में च लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी की तहरीर कोतवाली में दी गई। कुल साढ़े 6 लाख वसूले गए तथा 37 लोगों के कनेक्शन काट दिए गए। एसडीओ ने बताया कि अलग अलग टीमों ने देवनाथपुर, नईबाजार और ममहर में भी कार्रवाई की। छापे में एसडीओ मीटर एसडीओ सुनील यादव, जेई विनोद यादव व धर्मेंद्र गुप्ता, शैलेंद्र मौर्य, दीपक दुबे, राम बहादुर भारती आदि थे।