वाराणसी। भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद चंदौली के एआरटीओ आरएस यादव को शनिवार सुबह दस बजे से 36 घंटे के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया है। चंदौली के क ोतवाली थाने में दर्ज मुकदमे की विवेचना कर रहे सीओ चकिया प्रदीप सिंह चंदेल ने एंटी करप्शन कोर्ट में रिमांड के लिए आवेदन किया था।
बताया गया था कि आरएस यादव के परिवार, चालक और रिश्तेदारों के नाम कंपनियों के कागजात बरामद कराने हैं। रिमांड के 36 घंटे के दौरान पुलिस कागजात बरामदगी के लिए आरएस यादव को कई ठिकानों पर ले जा सकती है। प्रदीप सिंह चंदेल ने बुधवार को जिला जेल में आरएस यादव का बयान लिया था। बयान में यादव ने कंपनियों के मूल कागजात अपने कब्जे में होने की बात कही थी।
अब तक परिवार की तीन कंपनियों के बारे में पुलिस को पता चला है। ये तीनों कंपनियां कोलकाता की हैं। पुलिस का कहना है कि ये कंपनियां बोगस हैं और काले धन को सफेद करने के लिए इनका इस्तेमाल होता है। वहीं चंदौली के कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमे के सिलसिले में ही पुलिस आरएस यादव को शनिवार की सुबह अदालत में पेश करेगी। संभावना है कि पुलिस पेशी के बाद आरएस यादव को रिमांड पर लेगी।