वाराणसी। सड़क निर्माण में सरकारी धन का दुरुपयोग के मामले में शुक्त्रस्वार को सीडीओ सुनील कुमार वर्मा ने वसूली का आदेश दिया है। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि 2,20,254 रुपये की धनराशि 15 दिन के भीतर सरकारी खजाने में जमा कराके रसीद प्रस्तुत करें। ऐसा नहीं करने पर भू राजस्व की भांति वसूली की जाएगी।
सीडीओ के अनुसार रामजानकी कॉलोनी, लछिमनपुर वार्ड नरायनपुर के लोगों ने घटिया सड़क बनाने की शिकायत की थी। इसकी जांच जिला विकास अधिकारी और उनकी टीम से कराई गई। जांच में पाया गया कि पूर्वांचल विकास निधि के जिलांश के तहत 5.31 लाख की धनराशि खर्च की गई। कमियां दूर कराने के लिए दो बार निर्देश भी दिए गए। बावजूद इसके कमियों को दूर नहीं कराया गया। जांच टीम ने भी इसकी पुष्टि की। सड़कों पर डाली गई गिट्टी निर्धारित मानक से कम पाई गई। यही नहीं सड़क को भी निर्धारित मानक के अनुसार नहीं बनाया गया। यहां तक कि किनारों पर मिट्टी की भराई करनी थी, वह भी नहीं की गई। इसे देखते हुए वसूली आदेश जारी किया गया है।