वाराणसी। पुलिस लाइन सहित सात स्थानों से शनिवार को पोलिंग पार्टियां और फोर्स को लेकर वाहन रवाना हुए तो शहर के अलग-अलग इलाकों में भीषण जाम लग गया। तीखी धूप और गर्म हवा के थपेड़ों के बीच पोलिंग पार्टियों और फोर्स के वाहन किसी तरह से मतदान केंद्रों तक पहुंचे। पोलिंग पार्टियों और फोर्स के वाहनों के बीच जाम में कई एंबुलेंस और सवारी वाहन भी फंसे रहे। इस बीच शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर ट्रैफिक पुलिस नजर नहीं आई और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद खुद के वाहनों के निकलने के लिए राह बनाई।
19 मई को मतदान संपन्न कराने के लिए दो हजार से अधिक वाहन लगाए गए हैं। शनिवार को पोलिंग पार्टियां और फोर्स वाहनों से मतदान केंद्रों के लिए रवाना शुरू हुई तो नदेसर, मिंट हाउस क्षेत्र, कचहरी, भोजूबीर, बड़ा लालपुर, शिवपुर, पांडेयपुर, चौकाघाट, अंधरापुल, मलदहिया, सिगरा, रथयात्रा, कमच्छा, लहुराबीर, मैदागिन, चौक, गोदौलिया, शिवाला सहित शहर के अन्य इलाकों में भीषण जाम लग गया था। जाम का सर्वाधिक असर शहर की सड़कों पर दोपहर 12 बजे से चार बजे के बीच देखा गया। पोलिंग पार्टियों और फोर्स के वाहन मतदान केंद्रों पर पहुंच गए तो सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने से यातायात सामान्य हुआ।