पिंडरा। फूलपुर थाना अंतर्गत पिंडरा बाजार में मंगलवार की शाम ट्रक ने पैदल जा रही रेखा सिंह (48) को कुचल दिया। हादसे में रेखा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद ट्रक खड़ा कर चालक भाग निकला जिसके चलते वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर जाम लग गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
पिंडराई निवासी मनोज सिंह की पत्नी रेखा अपनी बेटी सारिका के साथ पिंडरा बाजार से खरीदारी कर घर जा रही थी। इसी दौरान वाराणसी से जौनपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रेखा को टक्कर मारी तो वह पहिये के नीचे आ गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर फूलपुर ने बताया कि ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से चालक की तस्दीक कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बेटी को यकीन ही नहीं हुआ...
ट्रक से कुचलने के बाद रेखा सिंह की मौत हो गई लेकिन उनकी बेटी सारिका को यकीन ही नहीं हो रहा था कि उसकी मां की मौत हो गई है। वह दौड़-दौड़ कर लोगों से मां को जल्द अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगा रही थी। रेखा का शव ट्रक के पहिये के बीच इस तरह से फंसा था कि मौजूद लोग बाहर नहीं निकाल पाए। पुलिस आई तो ट्रक को आगे-पीछे कर शव बाहर निकाला गया। उधर, परिजनों ने बताया कि रेखा के इकलौते बेटे की पांच साल पहले टायफाइड के चलते मौत हो गई थी।