वाराणसी। आल इंडिया गार्ड कौंसिल की ओर से गोरखपुर मुख्यालय के गार्ड बुकिंग इंचार्ज और यातायात निरीक्षक पर लगाए गए आरोपों की जांच शुरू हो गई है। महामंत्री शीतल प्रसाद के नेतृत्व में 27 गार्डों ने हस्ताक्षर कर इस मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की थी। मंडल परिचालन प्रबंधक के मुताबिक जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कौंसिल के महामंत्री समेत अन्य गार्डों ने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल को लिखे पत्र में जीबीआई(गार्ड बुकिंग इंचार्ज) पर मनमानी की शिकायत की थी। साथ ही उनका व्यवहार ठीक न होने के साथ ही संबंधित यातायात निरीक्षक की भी कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दोनों को पद से हटाने की मांग की थी। पत्र की प्रतिलिपि मुख्य परिचालन प्रबंधक,मंडल रेल प्रबंधक और मुख्यमंत्री समेत अन्य लोगों को भी दी गई। इस बारे में पूछे जाने पर मंडल परिचालन प्रबंधक सचिन मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में हैं। कौंसिल के शिकायती पत्र के आधार पर जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।