रोहनिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर राजातालाब में शनिवार को कार और बाइक सवारों के बीच पथराव के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से की गई फायरिंग से समीप खड़ी ज्योति (15) के गाल का दायां हिस्सा छिल गया। घायल ज्योति को भदवर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत स्थिर है। घटना के बाद फायरिंग करने वाले रवि उपाध्याय ने पुलिस को फोन कर घटना के बारे में बताया तो उसे हिरासत में ले लिया गया।
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बृजइंक्लेव निवासी प्रापर्टी डीलर रवि उपाध्याय ने बताया कि उसने अपनी कार मोहनसराय स्थित सर्विस सेंटर पर सर्विसिंग के लिए दिया था। दोपहर बाद चार बजे के लगभग वो बाइक से अपनी कार लेने जा रहा था। इसी दौरान मोहनसराय में ओवरब्रिज के समीप पहुंचते ही एक कार सवार लोगों ने अचानक गेट खोल दिया तो वो टकरा कर नाली में जा गिरा। रवि ने बताया कि कार सवार मदद की बजाय उस पर हंसने लगे तो उसे गुस्सा आया और उनमें से एक को थप्पड़ मार दिया। रवि ने बताया कि वो कार लेकर सर्विस सेंटर से जैसे ही आगे बढ़ा तभी 10-12 बाइक पर सवार युवक उसका पीछे करने लगे। वो कार लेकर राजातालाब पहुंचा तो वहां जाम लगा हुआ था। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने पथराव शुरू कर दिया तो आत्मरक्षा में उसने अपनी पिस्टल निकाली और जमीन पर फायर किया। सड़क से टकराई बुलेट करीब खड़ी किशोरी के गाल को छीलते हुए निकल गई।
उधर, लछिरामपुर निवासी ज्योति के पिता बुद्धू ने बताया कि उसकी बेटी तकरीबन 15 दिन पहले लठिया स्थित अपने ननिहाल आई थी। बुद्धू अपनी बेटी को साइकिल से लेेकर घर जा रहा था। राजातालाब बाजार में बेटी का खड़ा कर फल खरीदने लगा तभी यह घटना हुई। इस संबंध में इंस्पेक्टर रोहनिया ने बताया कि फायरिंग करने वाले ने पुलिस को खुद फोन कर सूचना दी थी। पिस्टल और लाइसेंस कागजात कब्जे में ले लिया गया। थाने पर पूछताछ की जा रही है।