वाराणसी। गर्लफ्रेंड की जरूरतों और शौक को पूरा करने के लिए मोबाइल और लैपटॉप छीनने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को बड़ागांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पांचों के पास से 22 मोबाइल बरामद कर पुलिस ने उन्हें शनिवार को जेल भेज दिया। पांचों की शिनाख्त बड़ागांव के बिसईपुर के हैदर अली उर्फ छेदी, राजघाट के कृष्ण मोहन ओझा और कपसेठी के कोइलार के प्रमोद मौर्य उर्फ पप्पू, शिवदास मौर्य व सचिन राजभर के तौर पर हुई है।
एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि बड़ागांव थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह को शुक्रवार की रात सूचना मिली थी कि गांग कला तिराहे के पास स्थित बगीचे में पांच लड़के विवाद कर रहे हैं। सूचना पर बड़ागांव थानाध्यक्ष ने छापामारी की तो मौके पर 22 मोबाइल बरामद हुआ। सामने आया कि पांचों छीने गए मोबाइल के बंटवारे को लेकर लड़ रहे थे। पूछताछ में सभी ने बताया कि बीएचयू अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर और मंडलीय अस्पताल परिसर से सभी मोबाइल छीनने का काम करते थे। बंटवारे के बाद बेचने से जो पैसे मिलते थे उससे सभी अपने शौक और अपनी गर्लफ्रेंड की जरूरतें पूरी करते थे। पांचों ने बताया कि छीने गए मोबाइल को उन्होंने ओएलएक्स जैसी ऑनलाइन कंपनियों के माध्यम से मुंबई, दिल्ली और दुबई तक बेचा है।