वाराणसी। आयकर विभाग में चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 30 हजार से अधिक नए करदाता बन गए हैं। इसमें वह कारोबारी, उद्यमी, व्यापारी और दुकानदार शामिल हैं जो लाखों-करोड़ों का कारोबार सालाना करते थे लेकिन अब तक कर नहीं देते थे। लेकिन अब वह भी कर देने के दायरे में आ गए हैं।
आयकर सूत्रों का कहना है कि वाराणसी आयकर कार्यालय के रेंज-1 के भदोही, रेंज-2 के वाराणसी-बलिया और रेंज-3 के चंदौली जिले में नए करदाता बढ़े हैं। इस वित्तीय वर्ष में ऐसे 50 हजार से अधिक नए करदाताओं को चिह्नित कर शामिल करने का लक्ष्य रखा गया गया है। आयकर विभाग में अभी करीब तीन लाख लोग कर जमा करते हैं। इसमें बड़े कारोबारी, उद्यमी, व्यापारी और दुकानदार शामिल हैं।
इससे आयकर देने वालों की संख्या बढ़कर साढ़े तीन लाख हो जाएगी। इसके अलावा आयकर विभाग सर्वे और सर्च की कार्रवाई के बाद कर चोरी कर रहे कारोबारियों को भी इसमें शामिल कर रहा है जो करोड़ों का करोबार करते थे और कर नहीं देते थे। आयकर कार्यालय के तीनों रेंज के अधिकारी अपने-अपने जिले में नए करदाताओं को चिह्नित कर शामिल कर रहे हैं। सितंबर तक 15 हजार नए कर दाताओं के नाम शामिल कर लिए गए थे। आयकर आयुक्त सुनील माथुर का कहना है कि अभी इस पर काम चल रहा है। मुख्यालय से जल्द ही नए करदाताओं की संख्या और सूची फाइनल हो जाएगी।