रामनगर। नगर पालिका रामनगर की कमान एक बार फिर रेखा शर्मा के हाथ मे आ गई है। रामनगर के मतदाताओं ने सभी दल के एजेंडों को नकार पुरानी चेयरमैन पर अपना विश्वास दिखाया। रेखा शर्मा की लगातार यह तीसरी जीत है। इसके पूर्व उन्होंने दो बार कांग्रेस के टिकट से चुनाव जीता था। इस बार कांग्रेस ने उन्हें टिकट नही दिया तो बागी बन कर शानदार जीत दर्ज की ।
भाजपा प्रत्याशी संतोष द्विवेदी को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। जबकि चौथे स्थान पर कांग्रेस के शैलेंद्र किशोर पांडेय उर्फ मधुकर रहे। प्रमुख प्रतिद्वंद्वी सपा के आलोक सेठ रहे। रेखा को 8117 वोट मिले तो वहीं निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी आलोक को 6765, भाजपा प्रत्याशी संतोष को 4320 तथा कांग्रेस के शैलेंद्र को 3198 मत मिले। उधर सभासदी चुनावी मैदान में उतरे कई दिग्गज चुनाव हार गए हैं। हालांकि भाजपा के लिए राहत की बात यह रही कि उसके सबसे ज्यादा 13 सभासद जीत हासिल कर मिनी सदन में पहुंचे। जहां कोरम भी पूरा हो गया। रामनगर में मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा की थी जिसका लाभ सभासद प्रत्याशियों कोे भरपूर मिला। सीहाबीर से सपा के पूर्व सभासद अखिलेश यादव, मच्छरहट्टा से सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष इश्तेयाक अहमद, कुतलूपुर के पूर्व सभासद कृष्ण मोहन यादव, सपा नगर अध्यक्ष के पुत्र जय सिंह टाइगर, मुरारी लाल यादव के पुत्र आनंद यादव, पूर्व सभासद अनिल सिंह मणि, पूर्व सभासद विनोद सिंह, शोभनाथ बारी को हार का सामना करना पड़ा।