वाराणसी। शहर में आईपीडीएस के तहत भूमिगत बिजली की केबिल बिछाने के दौरान बिजली विभाग ने पेयजल की पाइप लाइन को 118 जगहों पर ध्वस्त कर दिया। मरम्मत के नाम पर उसे प्लास्टिक से बांधकर छोड़ दिया। इसका खुलासा तब हुआ मुहल्लों में पेयजल की आपूर्ति कम होने लगी। जांच में पता चला कि पाइप लाइन टूटने के बाद उसे प्लास्टिक से बंद कर बिजली की केबिल तो बिछा दी गई लेकिन जलकल को सूचना तक नहीं दी गई। जलकल की शिकायत जिलाधिकारी बिजली विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। अब उसे ठीक करने का काम भी गुरुवार को शुरू कर दिया गया।
आईपीडीएस के तहत शहर के विभिन्न मार्गों पर भूमिगत केबिल बिछाई जा रही है। केबिल बिछाने के दौरान पिछले दो-तीन महीने में पेयजल पाइप जगह-जगह तोड़ दी गई। मरम्मत के नाम पर बिजली विभाग ने प्लास्टिक से बांधकर उसे ढक दिया। बाद में ये प्लास्टिक उखड़ने लगे और जब पेयजल आपूर्ति ठप होने लगी तो लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम से की। नगर निगम ने जलकल विभाग को इसकी पड़ताल करने के निर्देश दिए। जलकल के अधिकारियों ने जांच में पाया कि तार बिछाने के दौरान पाइपें टूट गईं और उसे ठीक करने के नाम पर प्लास्टिक के बांधकर छोड़ दिया गया जिससे आपूर्ति ठीक से नहीं हो पा रही थी। अब उसे दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है।