वाराणसी। बाबा विश्वनाथ के दरबार में भोग, प्रसाद, अभिषेक के मिलावटी दूध से श्रद्धालुओं को मुक्ति मिलेगी। खुद की गोशाला के दूध से बने प्रसाद का भोग चढ़ाया जाएगा। मिर्जापुर में बाबा विश्वनाथ की गोशाला खोली जाएगी। यज्ञशाला भी सावन महीने में श्रद्धालुओं के लिए चालू कर दी जाएगी। सहज दर्शन के लिए 3100 रुपये के स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। यह अहम निर्णय शनिवार की शाम विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद की बैठक में लिए गए।
दशाश्वमेध स्थित बाबा विश्वनाथ अतिथि गृह में न्यास परिषद के अध्यक्ष आचार्य पं. अशोक द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंदिर के विस्तार पर गहन चर्चा हुई। दैनिक दर्शनार्थियों के लिए 3100 रूपये का स्मार्ट कार्ड जल्द जारी करने का निर्णय लिया गया।
सावन में श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में रेड कारपेट बिछाई जाएगी। शिवार्चनम पर आधारित पुस्तक जल्द ही प्रकाशित करने पर सहमति बनी। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं को खुला वातावरण मुहैया कराने के लिए भवनों की खरीद में तेजी लाने पर जोर दिया गया। इसके लिए कमेटी गठित होगी। इस समिति के सदस्य अफसरों के साथ मिलकर समस्याओं का समाधान कराएंगे। इसके अलावा कर्मकांड का प्रशिक्षण केंद्र जल्द ही मंदिर प्रशासन खोलवाएगा, ताकि अर्चकों, सेवादारों को मंदिर मेंकी जाने वाली सेवा, पूजा और परंपरा के साथ ही मंत्रोच्चार का शुद्ध ज्ञान हो सके। अन्नक्षेत्र के निर्माण की दिशा में काम तेज करने के लिए भी चर्चा की गई। इस मौके पर प्रमुख सचिव (धर्मार्थ कार्य)अवनीश अवस्थी, मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण, मुख्य कार्यपालक एसएन त्रिपाठी, अपर मुख्य कार्यपालक निखलेश मिश्र, न्यास सदस्य प्रदीप बजाज, प्रो. चद्रमौलि उपाध्याय, पं. राज कृष्ण मालवीय, पंडित प्रसाद दीक्षित उपस्थित थे।
प्रमुख सचिव ने तैयारियों का लिया जायजा
वाराणसी। प्रमुख सचिव धर्मार्थ कार्य अवनीश अवस्थी ने शनिवार की शाम बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने के बाद परिसर में सावन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर में विकास योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली।
ज्ञानवापी परिसर में चल रहे कार्यो को देखा और यज्ञशाला के निर्माण के भी बारे में अफसरों से पूछा। सीईओ ने विवादित भवनों के बारे भी उनको बताया। फिर सरस्वती फाटक से ललिता घाट से होकर कालिका गली तक का निरीक्षण भी किया ।