जिले की आठ विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार थमने के बाद मंगलवार सुबह दस बजे से ही मतदान पार्टियों की रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया। यूपी कॉलेज, पुलिस लाइन में कई मतदान कर्मियों को मिली ईवीएम खराब हो गई। ईवीएम लेने के बाद मतदानकर्मी उसे चेक कर ले जा रहे थे। हालांकि बाद में प्रशासन ने खराब ईवीएम रिजर्व में रखवाया। इसकी जगह दूसरी ईवीएम दी गई। पुलिस लाइन में बसों की कमी से भी मतदानकर्मी परेशान दिखे। 26 सीटर बसों में 40 से ज्यादा लोगों को भेजा गया।
यूपी कॉलेज से पिंडरा और सेवापुरी, पुलिस लाइन से शिवपुर और अजगरा, छोटी कटिंग क्रिश्चियन स्कूल से कैंट और दक्षिणी तथा बड़ी कटिंग से रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के लिए मतदान पार्टियों की रवानगी हुई। शाम चार बजे तक मतदान कर्मियों को ईवीएम, स्टेशनरी के सामान समेत अन्य प्रपत्रों के साथ रवाना कर दिया गया था। मतदान कर्मियों के साथ सुरक्षाकर्मियों को भी रवाना किया गया।
मिड डे मील प्रभारियों को निर्देश दिया गया था कि दोपहर और रात का खाना मतदान केंद्रों पर बनेगा। कर्मचारी केंद्र पर ही खाना खाएंगे। बता दें कि एक बूथ पर एक पीठासीन अधिकारी समेत चार मतदानकर्मी होंगे। जिले में 2711 बूथों पर 11582 कर्मचारी मतदान कराएंगे। दस प्रतिशत कर्मचारियों को रिजर्व रखा गया है। इसमें 738 कर्मचारी उत्तरी और कैंट में वीवीपैट का संचालन करेंगे। चुनाव में महिला कर्मचारियों की ड्यूटी नहीं लगाई गई है।