वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के चुनाव की कमान राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ही संभालेंगे। दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे अमित शाह ने शनिवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पीएम के रोड शो और नामांकन की रूपरेखा तैयार की। रोड शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए हर बूथ और हर वर्ग की भागीदारी का लक्ष्य दिया।
उन्होंने वाराणसी सहित पूर्वांचल की बूथ समितियों की रिपोर्ट भी मांगी है। इसमें कमजोर बूथों पर मजबूत कार्यकर्ताओं की टीम तैनात करने को कहा है। उन्होंने जनता के बीच काम करने वाले कार्यकर्ताओं को तरजीह देने का भी निर्देश दिया है।
नगवा स्थित अमेठी कोठी में शनिवार सुबह बैठक में उन्होंने 25 अप्रैल को प्रधानमंत्री के रोड शो को भव्य बनाने पर चर्चा की। कहा- रोड शो की शुरुआत लंका के मालवीय प्रतिमा से होगी, ऐसे में यहां हर वर्ग के लोगों की मौजूदगी हो। रोड शो के जरिए संदेश देना है और विपक्षियों के हौसले पस्त करने हैं। नामांकन जुलूस में भी जनसमर्थन का नजारा दिखना चाहिए।
उन्होंने संच प्रमुख और पन्ना प्रमुखों की सूची मांगी और कहा- पदाधिकारी इनसे संपर्क में रहे। प्रत्येक बूथ पर 70 फीसदी मत हासिल करने का लक्ष्य दिया। महागठबंधन के मजबूत बूथों को चिह्नित करने और उसे कमजोर करने की कार्ययोजना बनाने को कहा। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने संकेत दिए हैं कि पीएम मोदी के वाराणसी रोड शो से पहले वे यहां आएंगे और कार्ययोजना की समीक्षा करेंगे। उन्होंने प्रदेश प्रभारियों से प्रत्येक सप्ताह की रिपोर्ट भेजने को कहा है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री और यूपी प्रभारी जेपी नड्डा, संगठन मंत्री सुनील बंसल, प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, काशी क्षेत्र के संगठन मंत्री रत्नाकर, काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
दो दिन काशी की सड़क पर रहेेंगे पीएम
पीएम का रोड शो लंका के मालवीय प्रतिमा तक होगा। इस दौरान अलग-अलग राज्यों के काशी में रहने वाले लोग अपने पारंपरिक परिधान में मौजूद रहेंगे। 26 अप्रैल को पीएम मलदहिया स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा से नामांकन के लिए चलेंगे। दोनों दिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं के अलावा केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल रहेंगे।
भाजपा की जीत के लिए की पूजा
बरेली रवाना होने से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा की जीत के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव की पूजा की। अपराह्न 11 बजे उनका काफिला ज्ञानवापी पहुंचा। बाबा शिखर को नमन कर गर्भ गृह में प्रवेश किया। मंदिर अर्चक नीरज पांडे के आचारत्व में पांच ब्राह्मणों ने रुद्र सूक्त पूजन किया। इस दौरान दुग्धाभिषेक, चंदन लेप किया और बाबा की आरती उतारी। इसके बाद ब्राह्मणों के चरणस्पर्श कर आशीर्वाद लिया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने मंदिर की ओर से रुद्राक्ष की माला पहनाई और अंगवस्त्र व प्रसाद भेंट किया। इसके बाद वे कालभैरव पहुंचे और वहां दर्शन पूजन किया।