वाराणसी। नेवादा स्थित एक निजी अस्पताल में शुक्रवार रात मरीज की मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए न ले जाने के विरोध में परिजनों ने शनिवार को जमकर हंगामा मचाया। इस दौरान सुंदरपुर-नरिया मार्ग जामकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। जाम की वजह से करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
परिजनों का आरोप था कि रात में भी पुलिस को सूचना दी गई लेकिन कोई अस्पताल नहीं पहुंचा, जिससे कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया जा सके। इधर शनिवार दोपहर में हंगामे की सूचना पाकर पहुंची महापौर मृदुला जायसवाल ने किसी तरह परिजनों से बातचीत के साथ ही मौके पर पुलिस कर्मियों को बुलाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, तब जाकर मामला शांत कराया। चंदौली निवासी ब्रदी नारायण गुप्ता के सुपुत्र शशिकांत शुक्रवार रात चंदौली में सड़क दुघर्टना में घायल हो गया था। परिजन उसे नेवादा स्थित एक अस्पताल लेकर आए, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। बद्री नारायण ने बताया कि मौत के बाद सुंदरपुर पुलिस चौकी पर सूचना दी गई लेकिन कोई पुलिस कर्मी नहीं पहुंचा, जिससे शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। दुर्घटना में घायल प्रदीप का इलाज अस्पताल में चल रहा है।