भदोही। भदोही तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ बार एसोसिएशन ने आरपार की लड़ाई का एलान किया है। बृहस्पतिवार को अधिवक्ता सभागार में बैठक कर अधिवक्ताओं ने एसडीएम सुनील कुमार यादव और नायब तहसीलदार के स्थानांतरण तक शुक्रवार से क्रमिक अनशन पर बैठने की घोषणा की। बैठक में तहसील बार के अध्यक्ष सूर्य प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि तहसील भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। वादकारियों का कोई काम बगैर सुविधा शुल्क का नहीं होता।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार उन्मूलन का नारा दिया है। उसके ठीक विपरीत भदोही तहसील में कागज आगे बढ़ाने से लेकर विभिन्न प्रमाण बनाने में सुविधा शुल्क मांगा जाता है। तहसील के अधिकारी शासन के दिशा निर्देशों के विपरित कार्य कर रहे हैं। इससे भदोही तहसील के साथ साथ शासन की छवि भी धूमिल हो रही है। कहा अधिवक्ता पीड़ितों को न्याय दिलाने को प्रतिबद्ध हैं, लेकिन शिकायत के बाद वरिष्ठ अधिकारी ध्यान नहीं देते। संचालन महामंत्री सुरेंद्र कुमार दूबे ने किया। ओमप्रकाश दूबे, आंनद श्रीवास्तव, अजय दूबे, धर्मेंद्र पांडेय, नंदलाल राय, प्रसन्न कुमार मिश्र, नागेंद्र सिंह, जयनाथ बिंद, प्रदीप त्रिपाठी, महेंद्र नाथ मिश्र, दशरथ कुशवाहा, धनुषधारी सिंह, रजनीश पाण्डेय, अशोक कुमार दूबे मौजूद थे।