ज्ञानपुर। कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर चोरों ने एक व्यवसायी का घर खंगाल दिया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। भुक्तभोगी परिवार शादी के आयोजन में शामिल होने के लिए गया था। वापस आने पर घटना की जानकारी मिली तो खलबली मच गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मुआयना करने के बाद लौट आई। फोरेंसिक टीम ने भी छानबीन की।
ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी बाजार निवासी रमेश गुप्ता सोमवार की रात एक शादी में शामिल होने के लिए सिरसा बाजार गए थे। इस बीच मौका पाकर चोर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए और ताला तोड़कर नकदी और गहने समेत तकरीबन तीन लाख का माल उड़ा दिया। भुक्तभोगी के मुताबिक लगभग 50 हजार कैश के अलावा सोने की चेन, अंगूठियां, पेटी, पायल समेत भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने चोर लेकर चंपत हो गए। रात में दो बजे के आसपास उनका बेटा राजन शादी से घर पहुंचा तो सामान बिखरे हालत में देखकर अचंभित हो गया। इसके बाद ताला टूटा देख हालात समझते देर न लगी कि चोरी हो चुकी है। भुक्तभोगी के मुताबिक तकरीबन तीन लाख की चोरी हुई है। घर वालों ने रात में पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद कोतवाल अजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराई। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने भी घटनास्थल की जांच की। इन दिनों बढ़ीं चोरी की घटनाओं को लेकर नगरवासियों में भय बढ़ गया है।