ज्ञानपुर/गोपीगंज। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंगलवार को जिले में जगह-जगह शिव बारात निकाली गई। इस दौरान हाथी-घोड़े, भूत-पिशाच, गंधर्व, किन्नर अड़भंगी के बाराती बने। देवताओं के साथ विभिन्न वेशभूषा में निकले बारातियों को देखने के लिए लोग सड़कों पर आ गए। ज्ञानपुर में हरिहरनाथ धाम से देर रात शिव बारात निकाली गई। इसमें बाजे-गाजे के साथ झूूमते और जयकारे लगाते लोगों ने भ्रमण किया।
गोपीगंज संवाददाता के अनुसार मां सिंह वाहिनी श्रृंगार समिति ने महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव बरात बाबा बड़े शिव मंदिर से निकाली। बारात नगर के मिर्जापुर रोड काली देवी, खड़हट्टी मुहाल, अंजही मोहाल, सदर मोहाल, पश्चिम मोहाल से गुजरते हुए पुन: उसी स्थान पर पहुंचकर समाप्त हुई। बारात में ब्रह्मा, विष्णु, महेश, नारद, इंद्र, भूत-पिशाच, नंदी के साथ भगवान शिव रथ पर सवार होकर चल रहे थे। बारात के आयोजक रामकृष्ण खटटू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रहलाद दास गुप्ता, मुकुंद लाल भाईजी, भिखारी लाल अग्रवाल, सत्य प्रकाश, राजकुमार संदीप गुप्ता, बृजेश गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, विजय साहू, मोहित ऊमर वैश्य, आलोक, राजकुमार, अभिषेक, मिट्ठू, मनोज मोदनवाल आदि शामिल थे। इस मौके पर नगर के साफ-साफसफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। नगर में चूने का छिड़काव भी किया गया। शिव भक्तों ने जगह-जगह प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की थी। इसी तरह जिले के अन्य स्थानों पर भी शिव बारात निकाली गई।