मिर्जापुर। सरकार जल्द ही दिव्यांगों को यूनिवर्सल आई कार्ड जारी करेगी जो पूरे देश में काम करेगा। यह बात केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बुधवार को कही। जीआईसी में एल्मिको और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके लिए प्रयास कर रहे हैं कि दिव्यांगजन सम्मानजनक तरीके से जीवन यापन करें। जन्म से मूक-बधिर बच्चों का सरकार अपने खर्च से आपरेशन कराएगी। इस मौके पर यहां 1420 लोगों को सहायक उपकरण दिए गए।
उन्होेंने कहा कि मूक-बधिर बच्चों के आपरेशन का खर्च महंगा है, जिसे लोग वहन नहीं कर सकते हैं। हर व्यक्ति पर सात लाख रुपये तक का खर्च आता है। यह काम सरकार अपने स्तर पर करेगी। अब दिव्यांगों को नौकरी में चार तथा शिक्षा में पांच प्रतिशत आरक्षण कर दिया जा रहा है। लोगों को सरकार बैटरी चलित ट्राईसाइकल देगी। सरकार बुजुर्गों को भी सहायक उपकरण मुहैया कराएगी। दिव्यांगों को अच्छे और अत्याधुनिक उपकरण मिले इसके लिए जर्मनी की कंपनी द्वारा उपकरण बनाया जा रहा है। दिव्यांगों जगह सुगमता से पहुंच सकें इसके लिए सरकारी भवनों, वाहनों आदि में विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होेंने मंच से सुरेंद्र प्रसाद, राधा देवी को ट्राई साइकल, राधिका, श्रवण, आदित्य नारायण को कान मशीन, अजय व राकेश को स्मार्ट फोन तथा सुभाष चंद्र यादव व निर्मल सरोज को स्टिक दी।
केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने अध्यक्षीय उद्बोधन के कहा कि प्रधानमंत्री विकलांगजन को उनकी विशिष्टता देखते हुए ही दिव्यांगजन बनाया। सरकार महिलाओं, मानसिक रूप से कमजोर बच्चों और दिव्यांगजनों पर विशेष ध्यान दे रही है। जिलाधिकारी बिमल कुमार दुबे ने कहा कि दिव्यांगों की भलाई के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री के प्रयास के चलते आज दिव्यांगों को उपकरण मिला है। संचालन एल्मिको के जीएम कर्नल पीके दुबे ने किया। कार्यक्रम में विधायक रत्नाकर मिश्रा, रमाशंकर सिंह पटेल, सुचिश्मिता मौर्य, राहुल प्रकाश कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमिला सिंह, एमएलसी रामलली मिश्रा, नगरज मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप मिश्र, दिव्या शुक्ला, बृजभूषण सिंह, उप महाप्रबंधक संजय सिंह, चिकित्सक लिटन सरकार, राम कुमार विश्वकर्मा, नितिन विश्चकर्मा, बीईओ राजेश वैश्य, राम मिलन यादव, प्रदीप मिश्रा आदि मौजूद रहे।
00
दिव्यांगों की सेवा में लगे रहे स्काउट
मिर्जापुर। जीआईसी में एल्मिको द्वारा आयोजित कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम में स्काउट गाइड दिव्यांगों की सेवा में लगे रहे। जिला संगठन कमिश्नर कमलेश द्विवेदी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त कुलदीप शुक्ला, जिला गाइड सत्यंबदा सिंह, राघवेंद्र कुंवर शुक्ल, सर्वेश सिंह, सुुनील सिंह के निर्देशन में स्काउट गाइड दिव्यांगों को व्हील चेयर से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा रहे थे।
00
1420 दिव्यांगों को मिला उपकरण
मिर्जापुर। एल्मिको द्वारा 1420 दिव्यांगों को एक करोड़ सात लाख 96 हजार के 2603 सहायक यंत्रों का वितरण किया गया। जिला दिव्यांगजन स्शक्तीकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला ने बताया कि दिव्यांगों को 944 ट्राई साइकल, 135 फोल्डिंग व्हील चेयर, 928 वैशाखी, 240 वाकिंग स्टिक, 57 ब्रेन केन, दो ब्रेल किट, एक ब्रेल स्लेट, 18 रोलेटर, 93 कान की मशीन, 14 एमएसआईडी किट, 14 सीपी चेयर, पांच एडीएल किट, दो सेल फोन, 22 स्मार्ट केन, सात स्मार्ट फोन, एक डेजी प्लेयर और 120 कृत्रिम अंग दिया गया है।