चौबेपुर। मुनारी बाजार में विगत छह वर्षों से संचालित फ्रैक्चर क्लीनिक पर मंगलवार को पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने अस्पताल को सील कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई से इलाके के झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
क्षेत्राधिकारी पिंडरा अभिनव यादव ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुनारी बाजार में संचालित फ्रैक्चर क्लीनिक का डॉक्टर मात्र इंटर पास है। इस सूचना पर मुनारी बाजार स्थित राजा कटरा में संचालित क्लीनिक में छापेमारी की गई। छापेमारी में एक्स-रे मशीन, एक्सपायरी दवाएं और उपकरण बरामद हुए।
शिवपुर के लोढ़ान निवासी डॉ. संजय कुमार की डिग्री मांगी गई तो वह इंटर पास निकला। जबकि वह एक्स-रे और आपरेशन के साथ मरीजों को भर्ती भी करता है। सीओ पिंडरा ने बताया कि संजय के सहयोगी चौबेपुर के अजांव निवासी चंदन को भी गिरफ्तार किया है जबकि उसका साथी राशू भाग निकला। बताया कि क्लीनिक, एक्स-रे मशीन को सील कर दिया गया है। मामले की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी दे दी गई है।