बीएचयू द्वारा संचालित सेंट्रल हिंदू गर्ल्स और ब्वॉयज स्कूल में दाखिले के लिए सवा लाख आवेदन आए हैं। 17 मार्च से लेकर 17 अप्रैल तक चली ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के अंतर्गत कक्षा छह, नौ और 11 के लिए 1,24,674 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 18 मई से शुरू हो रही है, जो 20 मई तक चलेगी।
सेंटर हिंदू ब्वॉयज स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. नीरू बहल ने बताया कि कक्षा छह के लिए 32 हजार और कक्षा नौ में 39 हजार से अधिक आवेदन आए हैं। 11वीं में गणित के लिए 32 हजार, बायो के लिए 13 हजार और आर्ट्स व कामर्स में प्रवेश के लिए छह हजार से अधिक आवेदन आए हैं।
18 मई को प्रथम पाली में सुबह आठ बजे से छठवीं की प्रवेश परीक्षा होगी। 19 मई को प्रथम पाली में सुबह आठ बजे से नौवीं की व द्वितीय पाली में दोपहर तीन बजे से 11वीं बायो की प्रवेश परीक्षा होनी है। 20 मई को प्रथम पाली में 11वीं गणित और द्वितीय पाली में 11वीं की कला व वाणिज्य की प्रवेश परीक्षा होगी।