लोकसभा चुनाव में युवाओं की अहम भूमिका का आंकलन करते हुए सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रदेश के पहले युवा शक्ति सम्मेलन में खूब गरजे। बलिदान दिवस पर जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद किया वहीं यह भी कहा कि युवा सरदार भगत सिंह को भी पढें।
शिकोहाबाद के रामलीला मैदान में आयोजित युवा शक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मौसम की खराबी के चलते करीब ढाई घंटा देर से जरूर पहुंचे लेकिन मैदान युवाओं से भरा देख गदगद हो गए।
उन्होंने लैपटॉप से लेकर कन्या विद्याधन और बेरोजगारी भत्ता वहीं समाजवादी पेंशन योजना का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा तुम्हारी बुआ (इशारा पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की ओर) ने अपने कार्यकाल में कोई बिजली कारखाना नहीं लगवाया तो हम क्या करें।
'पत्थर मूर्ति वाली पार्टी है बसपा'
अखिलेश ने कहा हमारी सरकार बिजली उत्पादन के इंतजाम कर रही है इलाहाबाद और ललितपुर में बिजली कारखाना लग रहे हैं। सरकार तीन हजार मेगावाट बिजली खरीदेगी। आने वाले डेढ़-दो साल में शहरों को 24 घंटे और गांवों को 18 घंटे बिजली दी जा सकेगी। बसपा को पत्थर मूर्ति वाली पार्टी करार दिया।
मुख्यमंत्री आम आदमी पार्टी पर भी चोट कर गए। बोले दिल्ली की सरकार ने मात्र 700 लीटर पानी मुफ्त किया तो मीडिया ने कई दिन तक प्रचार किया हमने सरकार बनते ही किसानों को नहरों और बंबा का पानी मुफ्त देना शुरू कर दिया था इसका कोई प्रचार नहीं किया गया। उन्होंने मीडिया को लेकर नाराजगी का इजहार भी किया। बोले सैफई महोत्सव को लेकर टीवी चैनलों ने झूठा प्रचार किया जबकि मुंबई में 17/18 जनवरी को ऐसे ही एक कार्यक्रम में 18 लोग मर गए किसी चैनल ने नहीं दिखाया।
भाजपा को उन्होंने समाज को बांटने वाली पार्टी बताया। मुख्यमंत्री ने फीरोजाबाद के लिए 24 करोड़ 12 लाख चार हजार रुपये की लागत से विभिन्न विभागों के कार्यों का शिलान्यास किया। इसमें सबसे अहम मुस्लिम बहुल क्षेत्र में गर्ल्स डिग्री कालेज खोलने की घोषणा थी।
रामगोपाल ने किया नौकरी का वादा
सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद देश में तीसरा मोर्चा की सरकार बनेगी। भाजपा एवं कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए दूसरे दलों के सांसदों का आंकड़ा भी समझाया। उन्होंने कहा कि तीन लाख युवाओं को शीघ्र ही नौकरियां प्रदेश सरकार देगी। 50 हजार पुलिस तथा शेष अन्य विभागों की शामिल हैं।
राष्ट्रीय महासचिव ने कहा सपा ने घोषणापत्र में जो वादे किए उनको पूरा करने का काम किया। अल्पसंख्यक कन्याओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए कन्या विद्याधन योजना शुरू की। बदायूं के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा विपक्षी दलों ने कभी युवाओं को ख्याल नहीं रखा।
कैबिनेट मंत्री राजा महेंद्र अरिदमन सिंह ने कहा कि सपा सरकार ने हर वर्ग का ख्याल रखा। राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त जावेद जाफरी ने तो युवाओं से नरेंद्र मोदी को चूड़ियां पहनाने तक का आह्वान कर दिया। खेलकूद विभाग के सलाहकार रामवृक्ष यादव, लघु उद्योग प्रोत्साहन के अध्यक्ष शिवकुमार राठौर ने अक्षय यादव को जिताने का आह्वान किया। लोकसभा प्रत्याशी अक्षय यादव ने युवाओं से खुद के लिए आशीर्वाद मांगा। सिरसागंज विधायक हरिओम यादव ने कहा युवा अपनी शक्ति को पहचानें।