राज्य सरकार ने प्रतापगढ़ हिंसा में मारे गए डीएसपी जियाउल हक की पत्नी परवीन आजाद और देवर सोहराब को पुलिस विभाग में नौकरी दे दी। सरकार ने यह फैसला कैबिनेट बाई सर्कुलेशन लिया।
देर शाम इस बाबत आदेश जारी कर दिए गए। प्रमुख सचिव गृह आरएम श्रीवास्तव ने परवीन आजाद व उसके देवर सोहराब को नौकरी देने के मंत्रिमंडल के फैसले की पुष्टि की।
परवीन आजाद को विशेष कार्याधिकारी पुलिस कल्याण और देवर सोहराब को पुलिस कल्याण विभाग में आरक्षी पद पर तैनाती दी गई है। दोनों की ही तैनाती आईजी गोरखपुर रेंज के कार्यालय में होगी ताकि वे अपने गृह जिले से अधिक दूर न रहें।
प्रमुख सचिव ने बताया कि विशेष कार्याधिकारी का पद राजपत्रित तो नहीं होता है परंतु राजपत्रित अधिकारियों के वेतनमान में होता है।
डीएसपी जियाउल हक की हत्या के फौरन बाद ही राज्य सरकार ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने के साथ ही सीओ की पत्नी को नौकरी दिए जाने का आश्वासन दिया था।
इसी क्रम में डीएसपी के भाई को भी नौकरी दिए जाने की मांग की गई थी।