प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार से पूर्वांचल के जिले बलिया को नक्सल प्रभावित जिला घोषित करने की मांग की है।
राज्य सरकार ने इसके लिए औपचारिक आग्रह करते हुए केंद्र को पत्र भेजा है।
सतर्कता के तहत हो रही कार्रवाई
गृह सचिव राकेश व आईजी कानून-व्यवस्था आरके विश्वकर्मा ने बताया कि रमजान व सावन के मद्देनजर सतर्कता बरती जा रही है और पिछले दिनों झारखंड में नक्सलियों की सक्रियता और सुरक्षाबलों पर किए गए हमलों के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
अधिकारियों ने कहा कि बलिया में नक्सलियों की गतिविधि पाए जाने के बाद इसे भी नक्सल प्रभावित जिला घोषित करने की मांग की जा रही है।
चंदौली और मिर्जापुर की तर्ज पर उठी मांग
अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को इस आशय का पत्र भेजा है, जिसमें बलिया को यूपी के चंदौली, मिर्जापुर व सोनभद्र जिलों की तरह ही नक्सल प्रभावित जिला घोषित करने की मांग की गई है।
पढ़ें :यूपी पुलिस ने जारी किया अलर्ट, आ रहे हैं नक्सली!
इस पत्र में पूर्व में बलिया में नक्सलियों द्वारा की गई वारदात व पिछले कुछ समय से वहां बढ़ी नक्सलियों की सक्रियता के साक्ष्यों का हवाला दिया गया है।
23 जिले हैं नक्सली प्रभावित!
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की खुफिया एजेंसियां पूर्व में यह रिपोर्ट तैयार कर चुकी हैं कि चंदौली, सोनभद्र व मिर्जापुर के अलावा प्रदेश के न्यूनतम 13 और अधिकतम 23 जिलों में नक्सलियों का प्रभाव है।