UP Assembly elections: यूपी विधानसभा चुनावों के पहले बसपा पार्टी संगठन के अंदर बड़ी सर्जरी की तैयारी चल रही है। आने वाले दिनों में कई बड़े बदलाव हो सकते हैं।
बहुजन समाज पार्टी में बड़ा फेरबदल किया गया है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने दो दिन पहले दिल्ली से लौटने के बाद बरेली और झांसी मंडल के प्रभारी रह चुके अखिलेश अंबेडकर को लखनऊ मंडल का मुख्य प्रभारी बनाया है। वहीं पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल को प्रयागराज की जगह कानपुर मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं नौशाद अली को कानपुर से हटाकर चित्रकूट मंडल की जिम्मेदारी दी गई है। लालाराम को झांसी से हटाकर कानपुर मंडल संभालने को कहा गया है।
विज्ञापन
बसपा सुप्रीमो ने विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत ये फेरबदल अंजाम दिए हैं। जल्द ही कई जिलाध्यक्षों को भी हटाने की तैयारी है। पार्टी तीन राज्यों में मिली करारी शिकस्त के बाद यूपी और उत्तराखंड में संगठन के कील-कांटे दुरुस्त करने में जुट गई है। सूत्रों के मुताबिक बसपा सुप्रीमो आगामी 23 या 24 मई को पार्टी पदाधिकारियों की बड़ी बैठक बुलाने वाली हैं, जिसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन के कार्यों से संबंधित अहम दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं। वहीं जिन जिलों में पार्टी ने प्रभारी बनाए हैं, उन्हें प्रत्याशी घोषित करने के बारे में भी फैसला लिया जा सकता है। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद भी शामिल हो सकते हैं। इस दौरान आकाश के यूपी के चुनावी दौरे का कार्यक्रम भी तय किया जा सकता है।