यूपी बोर्ड परीक्षा के केंद्र निर्धारण की अंतिम सूची तय समय 30 नवंबर को जारी करने के लिए तैयारी तेज हो गई है। यूपी बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव ने प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों, संयुक्त शिक्षा निदेशकों को पत्र भेजकर कहा है कि, बोर्ड की ओर से जारी परीक्षा केंद्रों की संभावित सूची में हुई गड़बड़ी के निवारण के बाद अंतिम सूची उनके कार्यालय को 25 नवंबर तक हर हाल में भेज दें, जिससे केंद्र निर्धारण का काम हर हाल में 30 नवंबर तक पूरा किया जा सके।
यूपी बोर्ड के संभावित परीक्षा केंद्रों का निर्धारण विद्यालय प्रधानाचार्य एवं जिला विद्यालय निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर किया गया था। बोर्ड की ओर से संभावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होने के साथ ही प्रदेश भर से आपत्तियां आनी शुरू हो गई। लगातार आपत्तियों से परेशान एवं प्रधानाचार्य की रिपोर्ट के बाद भी जिला विद्यालय निरीक्षकों की ओर से गलत रिपोर्ट भेजकर परीक्षा केंद्र बनाने की सिफारिश करने का मामला सामने आने के बाद सचिव नीना श्रीवास्तव ने कई डीआईओएस को नोटिस जारी करके उनसे स्पष्टीकरण मांगा। अब आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षकों को अपनी रिपोर्ट देनी है।