'हम माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में कहा कि हम माफियाओं के खिलाफ हैं, उन्हें मिट्टी में मिला देंगे। उन्होंने कहा कि सपा ने ही अतीक अहमद को प्रश्रय दिया है। हम किसी भी माफिया को नहीं छोड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा माफियाओं की पोषक है। राजूपाल हत्याकांड में अतीक अहमद दोषी है उसे सपा ने विधायक बनाकर प्रश्रय दिया।
अखिलेश यादव की तरफ इशारा करते हुए योगी ने कहा कि आप खुद माफियाओं का पोषण कर रहे हैं। इस पर अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी की भाषा पर सवाल उठाए। इस पर सदन में कुछ देर के लिए हंगामा हो गया। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के दखल के बाद सदन की कार्यवाही फिर से चलने लगी।
रामचरितमानस विवाद पर दिया जवाब
मुख्यमंत्री योगी ने अपने भाषण में रामचरितमानस विवाद पर भी जवाब दिया और कहा कि इस ग्रंथ ने सदियों से हिंदू समाज को एकजुट रखा है। आज उसका अपमान हो रहा है। अगर यही बातें किसी अन्य धर्मग्रंथ के बारे में कही गई होतीं तो न जाने क्या हो जाता।
उन्होंने कहा कि ताड़ना का अर्थ क्या होता है... अवधी में कई बार कहा जाता है कि इतने देर से केहका ताड़त हो... क्या ताड़ने का अर्थ मारने से है...। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को गर्व होना चाहिए कि रामचरितमानस यूपी की धरती पर रचा गया है लेकिन हिंदुओं का अपमान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि विरासत में सत्ता तो मिल सकती है लेकिन बुद्धि नहीं मिल सकती है।