मथुरा, उत्तर प्रदेश चुनाव 2022, राजनीतिक दलों से चर्चा
- फोटो : अमर उजाला
आने वाले समय में भाजपा की होगी जमानत जब्त- कांग्रेस
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने कहा, भाजपा कहती है कि हमने पांच साल में बहुत विकास किया। मैं ये कह सकता हूं कि भाजपा ने मथुरा में दो भ्रष्टाचार के अड्डे दिए हैं। एक नगर निगम और दूसरा उर्जा मंत्री का निवास स्थान। यहां कोई भी विकास नहीं हुआ है। केवल और केवल भाजपा सरकार हमारे कांग्रेस की दी हुई संस्था को बेचने का काम कर रही है। इस देश को तबाह करने के अलावा भाजपा कोई काम नहीं कर रही। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि हम नौकरी मांगते हैं तो ये कहते हैं पाकिस्तान, हम कहते हैं कि भ्रष्टाचार को खत्म करिए तो ये कहते हैं पाकिस्तान, हम कहते भूखे हैं रोटी दीजिए तो ये कहते हैं पाकिस्तान, हम कहते हैं कि भाई भाई को क्यों लड़ा रहे हैं तो ये कहते हैं पाकिसताान। इनके पास धार्मिक भावना को भड़काने के अलावा कोई काम नहीं है। आने वाले समय में भाजपा की जमानत जब्त होगी। उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस पार्टी बेहतर है। सभी ने जनता को गुमराह करने का काम किया है। 1989 में एनडी तिवारी प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। इन 32 वर्षों में इन तीनों पार्टियों ने धर्मवाद, जातिवाद और परिवारवाद के अलावा कुछ नहीं किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा की सरकार में भ्रष्टाचार के रेट 100 गुने बढ़ गए।
भाजपा के वोटर ने मायावती की तारीफ की
उधर, बसपा के नेता महेंद्र चौधरी ने कहा कि बहन जी मायावती के नेतृत्व में यहां पूरा विकास हुआ। कानून से लेकर विकास तक, माता बहनों की इज्जत से उनकी सुरक्षा तक। सबों का ख्याल रखा गया, सुरक्षा दी गई। वहीं, कार्यक्रम के दौरान मौजूद एक भाजपा वोटर ने कहा कि मायावती ने मथुरा शहर में गरीबों को फ्लैट दिया। सब खाली पड़े हैं। उन्होंने जितने फ्लैट दिए उतने न तो सपा ने और न ही भाजपा वालों ने दिए।
300 यूनिट तक किसी को एक रुपया देने की जरूरत नहीं- आप
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष ने कहा कि हिंदुस्तान की राजनीति के इतिहास में बिजली के बिल के चलते न जाने कितने लोगों ने आत्महत्याएं की हैं। पहले लोग करेंट लगने से मर जाते थे, अब बिजली के बिल को देखकर लोग आत्महत्या कर रहे हैं। प्रदेश के अंदर जो बिजली आ रही है। भाजपा वाले इसकी मनमानी कीमत वसूल रहे हैं। इनसे ज्यादा निर्दय कोई हो नहीं सकता है। उन्होंने आगे कहा कि हमने दिल्ली के अंदर जिस मॉडल को दिया है, उससे भी अच्छा मॉडल यहां देंगे। 300 यूनिट तक किसी को एक रुपया देने की जरूरत नहीं है।
मथुरा, उत्तर प्रदेश चुनाव 2022, राजनीतिक दलों से चर्चा
- फोटो : अमर उजाला
फिर से भाजपा आने वाली है
भाजपा नेता ने कहा कि सपा की सरकार में कितनी बिजली आती थी। जनमानस इस बात को जानता है पहले की सरकार में आठ-नौ और 10 घंटे तक बिजली नहीं आती थी। कम से कम अब तो ये सुविधाएं मिल रही हैं, लगातार बिजली आ रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में हमारे प्रधानमंत्री जी ने करोड़ों अरबों रुपये खर्च करके इस देश के जनमानस को बचाया। फ्री में वैक्सीन लगवाई। इस पर कांग्रेस ने कहा कि भाजपा की सरकार में लाखों लोग बिना इलाज के मर गए। ऑक्सीजन के बिना कई लोगों की जान चली गई। वहीं, भाजपा नेता ने कहा कि दुनिया के बाकी देशों से भारत की तुलना कर लीजिए पता चल जाएगा। केवल भाजपा ही इस देश को बचा सकती है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक पार्टियां अब नहीं चलेंगी। सपा, बसपा, कांग्रेस सभी पारिवारिक पार्टियां हैं। फिर से भाजपा आने वाली है।
मथुरा में 40 हजार लोग बेरोजगार
राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के उपाध्यक्ष कुंवर नरेंद्र सिंह ने कहा कि जनता समझ चुकी है कि भाजपा की कथनी और करनी में कितना फर्क है? भाजपा वाले का जो विजन है वो हिंदु-मुस्लिम नहीं तो भारत-पाकिस्तान पर अटका हुआ है। उन्होंने कहा कि हमने मथुरा के एंप्लॉयमेंट ऑफिसर से मिला था तो उन्होंने कहा कि यहां 40 हजार लोग बेरोजगार हो चुके हैं।
विपक्षी समर्थकों ने क्या कहा?
भाजपा वाले विकास की बात करते हैं। यहां सासंद महोदया दिखाई नहीं देती हैं। भाजपा ने दो करोड़ रोजगार देने की बात कही थी, उसका क्या हुआ। कितने लोगों को रोजगार मिला। आज यहां जितने नौजवान खड़े हैं सब बेरोजगार हैं। यही नौजवान भाजपा को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे। एक विपक्षी समर्थक ने कहा कि भाजपा राष्ट्र की बात करती है तो राष्ट्रीय संपत्ति क्यों बेच रही है? बाल किशन राधा किशन शास्त्री नाम के एक शख्स ने कहा कि मैं ग्राउंड जीरो कवर करता था और देश के 600 जिले घूमे हैं। भाजपा मथुरा में एक भी सीट नहीं जीत रही है।