लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश चुनाव 2022, आधी आबादी से बात
- फोटो : अमर उजाला
2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' देश की आधी आबादी के बीच पहुंचा। लखीमपुर खीरी की महिलाओं ने कहा कि यहां सड़कें खराब हैं, गंदगी की सबसे बड़ी समस्या है। इसके साथ ही महिलाओं ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी खुलकर बात की। इस दौरान किसी ने वर्तमान सरकार को कोसा तो किसी ने उनके कामकाज की जमकर तारीफ की। पढ़िए किसने क्या कहा?
महिला सुरक्षा का बड़ा मुद्दा उठा
महिला सुरक्षा को लेकर पुष्पा सिंह ने कहा कि योगी और मोदी सरकार में महिलाएं सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं। अगर इस सरकार में महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं तो कभी नहीं करेंगी। वहीं, प्रख्याती नाम की एक महिला ने कहा कि यहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। यहां आए दिन चेन स्नैचिंग, छेड़छाड़ जैसे मामले आते रहते हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि पसनोवा कांड तो याद ही होगा। संध्या नाम की एक महिला ने कहा कि पहले के मुकाबले अब बेहतर है। वहीं, क्षमा ने कहा कि जी हमे कोई समस्या नहीं है। रात को टहल सकते हैं। उधर, पिंकी नाम की एक महिला ने कहा कि, यहां पर सब ठीक ठाक है। पार्क में सब रात तक टहलते हैं, बच्चे खेलते हैं। वहीं, तृप्ति अवस्थी ने कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था है। आप एक पार्टी विशेष की बात करती हैं। पार्टी किसी की भी हो महिला सुरक्षा का बड़ा मुद्दा है। ड्रॉ ऋतु वर्मा ने कहा कि 45 साल की महिला के साथ छेड़छाड़ हुआ, ये क्या है। छेड़छाड़ की घटना पहले से ज्यादा बढ़ी हैं। उधर, अनामिका मिश्रा ने कहा कि पहले के मुकाबले हम ज्यादा सुरक्षित हैं।