इलाहाबाद परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी जोन) आलोक शर्मा ने कहा है कि जल्द ही उत्तर प्रदेश में 30 हजार उपनिरीक्षकों की भर्ती होगी। इन्हें प्रदेश के 15 जिलों में तैनात किया जाएगा।
इसके अलावा बांदा में जल्द ही क्राइम ब्रांच का गठन किया जाएगा। इसमें तेज-तर्रार और युवा चुनिंदा पुलिस जवान शामिल किए जाएंगे। क्षेत्राधिकारी से लेकर कांस्टेबल तक टीम में शामिल होंगे। यह टीम अपराधों का खुलासा करने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित होगी और अपराधियों तक पहुंचने के लिए खास तकनीक अपनाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार किसी की भी हो अपराध तो होते ही हैं। अपराध कम नहीं होंगे। अपराधी पुलिस से ज्यादा चालाक हो गए हैं, फिर भी पुलिस का प्रयास क्राइम कंट्रोल करना है।
आईजी ने निर्देश दिए हैं कि पुलिस कांस्टेबल अपनी बीट पर हर हफ्ते जाएंगे। वे ग्रामीणों से अच्छा संपर्क कायम रखेंगे। बीट सिपाही का नाम और मोबाइल नंबर पंचायत भवन में दर्ज होगा। आईजी ने स्वीकारा कि इस वर्ष दस्यु सरगना बलखड़िया का मूवमेंट ज्यादा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि दस्यु दलों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
यूपी-एमपी पुलिस संयुक्त रूप से डकैतों का सफाया करने में जुटी है। बांदा पुलिस लाइन भवन और पुलिस कर्मियों के जर्जर आवासों के बारे में बताया कि नए भवन बनने के साथ ही पुराने भवनों का जीर्णोद्धार होगा। पार्क भी दुरुस्त किया जाएगा। आईजी ने पुलिस अफसरों और जवानों से कहा कि तनाव मुक्त रहने की आदत डालें।
बांदा शहर में हुए शानू हत्याकांड और लगातार हो रही चोरियों के सवाल पर आईजी का कहना था कि हत्या आदि अपराध रोकने के लिए पुलिस को रजिस्टर अपडेट करने का आदेश दिया गया है। इस रजिस्टर में पूर्व रंजिश आदि का ब्योरा दर्ज रहेगा। इस दौरान एसपी उदयशंकर जायसवाल और अपर एसपी स्वामी प्रसाद भी मौजूद थे।