चकलवंशी। युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उम्मेदखेडा (बंधवा) प्राथमिक विद्यालय के पास उसका शव मिला। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम से जांच कराई। पिता ने पुलिस को बताया कि बेटा तालाब में मछली पकड़ने गया था। रात भर घर नहीं लौटा, उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
माखी थानाक्षेत्र के उम्मेदखेडा (बंधवा) निवासी अजय (25) पुत्र संतराम मजदूरी करता था। गुरुवार को घर से लगभग 200 मीटर दूर सुबह प्राथमिक विद्यालय के पास उसका शव पड़ा मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया। थानाध्यक्ष फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और जांच की। सीओ मायाराय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने झाग का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा है।
शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पिता के मुताबिक, अजय की दो बहनें सलोनी और रेशमा हैं। पिता ने सीओ को बताया कि बुधवार को बेटा एक किलोमीटर दूर तालाब में मछली पकडने गया था, पैर में कीचड़ लगा होने से यह साफ है कि वह तालाब तक गया। उसके बाद उसे किसी से मजदूरी के रुपये लेने जाना था, फिर नहीं लौटा। रातभर आने का इंतजार किया। थानाध्यक्ष संदीप मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार, युवक शराब का लती था। शराब पीने के बाद रात भर खुले आसमान में पड़ा रहने से ठंड लगने या जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।